मौसम, लखनऊ: पूरे प्रदेश में मानसूनी वर्षा का क्रम जारी है। इस बीच वज्रपात से गोरखपुर (Gorakhpur) में तीन व चंदौली (Chandauli) में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
चंदौली में दो लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इस बीच बुंदेलखंड और इससे लगते मध्यप्रदेश में वर्षा के कारण बेतवा और यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बेतवा में पांच लोग अचानक जलस्तर बढ़ने से टापू में फंस गए।
गंगा का जलस्तर घटा
प्रयागराज में गंगा का जलस्तर घटा है लेकिन यमुना का बढ़ गया है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल के कई जिलों में सोमवार को दोपहर मेंअच्छी बारिश हुई, जिससे उमस से राहत मिली। मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन गुरुवार से मानसून की रफ्तार बढ़ेगी। अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर और मुरादाबाद जिलों में अगले दो-तीन दिन मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।